बीमार भतीजे के लिए खाना लेने निकले युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के परसूडीह थाना क्षेत्र से एक मार्मिक घटना सामने आई है। बीमार भतीजे की देखभाल कर रहे एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने उस समय जानलेवा हमला कर दिया, जब वह देर रात अस्पताल में भर्ती अपने भतीजे के लिए खाना लेने गया था। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने परसूडीह थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है।

पीड़ित मुकरा हो, जो मूल रूप से पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र के लेजोबेड़ा गांव का निवासी है और वर्तमान में एल.बी.एस.एम. कॉलेज के छात्रावास में रहता है, ने बताया कि उसका भतीजा संजय हो गंभीर रूप से बीमार है और सदर अस्पताल में भर्ती है। वह अस्पताल में रहकर उसकी देखभाल कर रहा था।

शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की रात करीब 10:15 बजे वह अस्पताल के पास स्थित कुंडा भवन क्षेत्र में भोजन लेने गया था। लौटने के दौरान 3-4 बाइक पर सवार कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से भी बेरहमी से पीटा।

हमले में मुकरा हो का बायां हाथ टूट गया और सिर पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद सभी आरोपी बाइक से करनडीह की ओर फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल अवस्था में पीड़ित किसी तरह परसूडीह थाना पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल में जुटी हुई है।