जमशेदपुर: भारतीय डाक विभाग के सिंहभूम मंडल द्वारा चलाए जा रहे विशेष रक्षाबंधन अभियान के तहत शुक्रवार को विभाग की एक टीम ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने रक्षाबंधन के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए आम जनता, विशेषकर युवाओं से भारतीय डाक विभाग की सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।


सरयू राय ने कहा कि रक्षाबंधन सनातन संस्कृति का एक पवित्र और महत्वपूर्ण पर्व है, जो भाई-बहन के बीच स्नेह, विश्वास और रक्षा के अटूट बंधन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय परिवार और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है।
उन्होंने भारतीय डाक विभाग की विशेष रक्षाबंधन मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि बदलते समय में दूर-दराज रहने वाले भाई-बहनों तक समय पर और सुरक्षित राखी पहुंचाने में डाक विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग वर्षों से लोगों के सुख-दुख के संदेश, पत्र और पार्सल पहुंचाने का विश्वसनीय माध्यम रहा है और रक्षाबंधन पर राखियों की सुरक्षित डिलीवरी का यह अभियान एक सराहनीय सामाजिक पहल है।
विधायक ने युवाओं से भारत सरकार की इस भरोसेमंद संस्था की सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि इस रक्षाबंधन अपने भाई-बहनों को राखी भेजने के लिए भारतीय डाक विभाग की सेवाओं को प्राथमिकता दें, ताकि यह अभियान सफल हो और पारंपरिक डाक व्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिल सके।

