रांची: राजधानी रांची की रेलवे कॉलोनी स्थित रोड नंबर-1 पर हल्की बारिश के बाद भी गंभीर जलजमाव की समस्या सामने आ रही है। सड़क पर इतना पानी भर जाता है कि पूरी सड़क किसी तालाब जैसी दिखाई देने लगती है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के बाद सड़क पर जमा गंदा पानी कई दिनों तक नहीं निकलता। जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि कई राहगीर फिसलकर गिर चुके हैं, जबकि बाइक सवार भी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
जलभराव के कारण सड़क पर गुजरने वाले वाहनों से गंदा पानी उछलकर लोगों के कपड़ों पर पड़ता है, जिससे कार्यालय, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम, वार्ड पार्षद और जनप्रतिनिधि इस समस्या से पूरी तरह अवगत हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जीत के बाद बुनियादी समस्याओं की अनदेखी की जाती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की मरम्मत के साथ-साथ समुचित जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और किसी बड़ी दुर्घटना से पहले स्थिति में सुधार लाया जा सके।

