गिरिडीह में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 10,500 किलो जावा महुआ और 560 लीटर शराब बरामद

Spread the love

गिरिडीह उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान गदरमा और जोभी गांव में छापेमारी कर कई अवैध महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया और भारी मात्रा में शराब निर्माण सामग्री बरामद की गई।

छापेमारी के दौरान शराब कारोबारियों के ठिकानों से लगभग 9,000 किलोग्राम जावा महुआ तथा 400 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शराब को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही अधिकांश कारोबारी फरार हो गए।

उत्पाद विभाग के अनुसार, इससे पहले 18 जून को जमुआ थाना क्षेत्र के छकनाडीह, खरडीह और खरगडीहा गांवों में भी अभियान चलाया गया था। वहां अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त करते हुए 1,500 किलोग्राम जावा महुआ और 160 लीटर महुआ शराब जब्त की गई थी।

इस तरह दोनों अभियानों में कुल 10,500 किलोग्राम जावा महुआ और 560 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। फरार शराब कारोबारियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।