महिला रेलकर्मी से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, एक आरोपी पकड़ाया; विहिप ने थाना पर किया प्रदर्शन

Spread the love

सरायकेला/जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक महिला रेलवे कर्मी से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग और मारपीट की घटना सामने आई है। घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात दोपहर करीब 2 बजे उस समय हुई, जब रेलवे कर्मी एम. भवानी ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रही थीं।

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की, उन्हें सड़क पर घसीटा और चापड़ दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होने लगे।

महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी की पहचान शिव कुमार मछुआ के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में बागबेड़ा थाना पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।