रामगढ़: CCL कर्मी के घर के बाहर खड़ी Alto K10 में देर रात लगी आग, शॉर्ट सर्किट या साजिश की जांच

Spread the love

रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के CCL सुंडा D में देर रात घर के बाहर खड़ी एक Alto K10 कार अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना करीब रात 1 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में कार बुरी तरह जल गई। बताया जा रहा है कि कार CCL कर्मी अजय कुमार की है।

जानकारी के अनुसार, अजय कुमार ने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। रात करीब 1 बजे अचानक कार से आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी।

कार में आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी शरारती तत्व की भूमिका की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आग किस वजह से लगी और क्या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी। घटना के बाद इलाके में देर रात हुई इस आगजनी को लेकर चर्चा का माहौल है।