रांची: रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी में झारखंड और दिल्ली के बीच चार दिवसीय मुकाबला 26 अक्टूबर से रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। घरेलू मैदान पर उतर रही झारखंड की टीम का लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना होगा। वहीं, दिल्ली की टीम भी मुकाबले में कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है।


झारखंड की कप्तानी विराट सिंह कर रहे हैं, जबकि दिल्ली की कमान आयुष वडोनी के हाथों में है। झारखंड की टीम में विराट सिंह के अलावा रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय और कौनैन कुरैशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। दूसरी ओर, दिल्ली की टीम में यश ढुल, नवदीप सैनी और सिमरजीत सिंह जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।
मुकाबले से पहले झारखंड की टीम में दो बदलाव किए गए हैं। प्रमुख बल्लेबाज शिखर मोहन के इंडिया-ए टीम में चयन के कारण उनकी जगह बोकारो के 33 वर्षीय बल्लेबाज कुमार देवव्रत को टीम में शामिल किया गया है। देवव्रत ने 55 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.51 की औसत से 2,666 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं। उन्होंने जनवरी 2024 में अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मुकाबला खेला था।
इसके अलावा साहिल राज की जगह रांची के शुभ शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। झारखंड के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी में संतुलित प्रदर्शन करना अहम होगा। घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर टीम दिल्ली के खिलाफ बेहतर परिणाम हासिल करने की कोशिश करेगी।

