हावड़ा-मुंबई मेल में पावर बैंक फटने से मची अफरा-तफरी, 7 मिनट तक रोकी गई ट्रेन

Spread the love

जमशेदपुर: हावड़ा-मुंबई मेल में एक यात्री का पावर बैंक फटने से कोच में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद ट्रेन को बंडामुंडा और राउरकेला के बीच करीब सात मिनट तक रोकना पड़ा। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के बी-3 कोच में बर्थ संख्या 6 पर रखे पावर बैंक में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद धुआं निकलने लगा। घटना के दौरान यात्रियों में दहशत फैल गई और उनकी नींद खुल गई।

सूत्रों के अनुसार, मुंबई से हावड़ा जाने वाली डाउन मुंबई-हावड़ा मेल शनिवार सुबह करीब 3:38 बजे बंडामुंडा इलेक्ट्रिक शेड के पास डाउन लाइन के किलोमीटर संख्या 408/26 पर पहुंची थी। इसी दौरान पावर बैंक फट गया। धुआं फैलने के बाद कोच में लगा ऑटोमैटिक फायर अलार्म सिस्टम सक्रिय हो गया। अलार्म की तेज आवाज सुनकर यात्री घबरा गए और कोच में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई की। स्थिति को नियंत्रित किया गया और आग को फैलने से रोक लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि ट्रेन में चेन पुलिंग नहीं हुई थी, बल्कि धुएं के संपर्क में आने से ऑटोमैटिक फायर अलार्म सिस्टम सक्रिय हुआ था।

इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। स्थिति सामान्य होने के बाद करीब सात मिनट के ठहराव के पश्चात ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। पावर बैंक फटने से प्रभावित यात्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर दूसरी बर्थ उपलब्ध कराई गई, ताकि वह अपनी यात्रा पूरी कर सके।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में मोबाइल फोन, पावर बैंक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें। बैटरी से चलने वाले उपकरणों में असामान्य गर्मी, धुआं या खराबी दिखने पर तुरंत ट्रेन कर्मचारियों को सूचना दें।