अखिलेश पर RLD का तीखा हमला, बोले- 2027 की हार के डर से बढ़ी बौखलाहट

Spread the love

लखनऊ :उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने के बाद राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के महासचिव और प्रवक्ता अनिल दुबे ने उन पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पर आरोप लगाने से पहले अखिलेश यादव को अपने कार्यकाल की स्थिति भी याद करनी चाहिए।

अनिल दुबे ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में कई सुधार किए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पहले से मजबूत हुई है। दुबे ने आरोप लगाया कि 2027 चुनाव में हार की आशंका के कारण अखिलेश यादव लगातार सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

RLD नेता ने कहा कि किसानों, छात्रों और युवाओं के हित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं और एनडीए लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की सभाओं में जनता का समर्थन देखने को मिल रहा है, जिससे विपक्षी दलों में बेचैनी बढ़ गई है।