सरायकेला: जिले में भीषण गर्मी के बीच सड़कों पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक अभिनव पहल की है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने प्रथम चरण के तहत छह ट्रैफिक जवानों के बीच बैटरी संचालित विशेष कूलिंग जैकेट का वितरण किया।


इस अवसर पर एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दिनभर तेज धूप और अत्यधिक तापमान के बीच सड़क पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था संभालनी पड़ती है। ऐसे में ये विशेष कूलिंग जैकेट उन्हें गर्मी से काफी हद तक राहत प्रदान करेंगी और उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि इन जैकेटों में लगी बैटरी एक बार पूर्ण रूप से चार्ज होने के बाद लगभग छह घंटे तक कार्य करती है, जिससे जवानों को लंबे समय तक ठंडक का अनुभव होगा और वे अधिक सहजता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।
एसपी ने इस पहल को पुलिसकर्मियों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान जवानों के स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल छह कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन आने वाले दिनों में इस योजना का विस्तार करते हुए जिले के सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को ऐसी जैकेट उपलब्ध कराने की योजना है।
इस पहल का ट्रैफिक जवानों ने स्वागत करते हुए जिला पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान यह सुविधा ड्यूटी के दौरान काफी मददगार साबित होगी और उन्हें बेहतर तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सहायता मिलेगी।

