सरायकेला (संजीव मेहता): श्रीश्री सार्वजनिन चड़क पूजा समिति, इच्छापुर के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक चड़क पूजा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को पारंपरिक घट भराई अनुष्ठान के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम के तहत सुबह 1001 महिलाओं ने मंदिर परिसर से गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ कलश यात्रा निकाली। महिलाएं निर्धारित स्थल से पवित्र जल लेकर घट भराई की रस्म पूरी करते हुए मंदिर पहुंचीं, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजन समिति के अनुसार, शनिवार को फोलार अनुष्ठान के साथ श्रद्धालुओं द्वारा रजनी भोक्ता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं, रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत पुरुलिया शैली के दो दलों के बीच आकर्षक छऊ नृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
पूरे आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं में समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद धीरेन महतो के नेतृत्व में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने की अपील की है।
चड़क पूजा महोत्सव को लेकर इच्छापुर और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है तथा स्थानीय लोग इस पारंपरिक आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

