लातेहार: जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पोटमाडीह गांव में लंबे समय से चल रहा पारिवारिक जमीन विवाद गुरुवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोटमाडीह गांव निवासी 65 वर्षीय कमिल बेक का अपने छोटे भाई के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
धारदार हथियार से हमले का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के दौरान कमिल बेक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनकी पत्नी सलोमी बेक और पुत्र निलेश बेक भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायलों को तत्काल महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कमिल बेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सलोमी बेक और निलेश बेक को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
गांव पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

