सरायकेला-खरसावां: करीब ₹35 करोड़ के को-ऑपरेटिव बैंक लोन मामले से जुड़े मनी ट्रेल और संपत्तियों की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई शुक्रवार को दोपहर तक जारी रही। टीम ने सरायकेला के पटनायक टोला स्थित संजय डालमिया के आवास पर दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की।


जांच के दौरान ED अधिकारियों ने घर में रखी कुछ लोहे की अलमारियों को कटर की मदद से खोला। इसके बाद उनमें रखे दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की गई। बताया गया कि ED की टीम करीब दोपहर 2 बजे तक आवास के अंदर मौजूद रही। सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, ED की कार्रवाई संजय डालमिया के सरायकेला स्थित आवास के अलावा अन्य स्थानों तक भी पहुंची है। बिष्टुपुर के कॉन्ट्रैक्टर एरिया स्थित उनके किराए के मकान, कदमा में भाई शंभू डालमिया के घर और धनबाद स्थित ससुराल में भी कार्रवाई की सूचना है। हालांकि, इन सभी स्थानों पर छापेमारी की ED की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामला वर्ष 2017-18 में सामने आए करीब ₹35 करोड़ के को-ऑपरेटिव बैंक लोन घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है। इस मामले में संजय डालमिया, तत्कालीन शाखा प्रबंधक सुनील सतपथी समेत अन्य आरोपियों को ACB कोर्ट से सजा हो चुकी है और आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं। ED अब कथित घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों की जांच कर रही है।
ED की ओर से कार्रवाई के दौरान बरामद दस्तावेजों या अन्य सामान तथा जांच की विस्तृत वजह को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है।

