सरायकेला: सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के समय उपायुक्त नितीश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अभिन्नव प्रकाश, पुलिस अधीक्षक मनोज प्रकाश सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।


आयुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर लंबित मामलों, जनसेवा से जुड़े कार्यों और विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम लोगों के प्रति संवेदनशील और सहयोगपूर्ण व्यवहार अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन प्राप्त शिकायतों तथा जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा कर त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय भाषा में करने तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने को कहा, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
बैठक में SIR-2026 के तहत 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेजों और आंकड़ों का गहन सत्यापन कर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जवाबदेह और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने की अपील की।

