सीतारामडेरा में रंगदारी नहीं देने पर दुकानदार पर चापड़ से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के पुराने एमजीएम अस्पताल के पास सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कुछ बदमाशों ने एक दुकानदार पर रंगदारी नहीं देने पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चापड़ से लैस कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से रुपये की मांग करने लगे। दुकानदार द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई, जिसके बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। भीड़ बढ़ती देख हमलावर वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस घटना में नंदू लोहार की भूमिका सामने आ रही है।

सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। जबकि उसके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे। घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस रंगदारी के एंगल से मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।