गाली देने का विरोध करने पर महिला और देवर से मारपीट का आरोप, परसूडीह थाने में शिकायत दर्ज

Spread the love

जमशेदपुर: परसूडीह थाना क्षेत्र में एक महिला ने गाली-गलौज का विरोध करने पर अपने साथ और अपने देवर के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने परसूडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 19 जुलाई की रात करीब 8 बजे 22 वर्षीय पिंकी दास अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान पड़ोस के करण पात्रो और गोधन कुरू कथित रूप से गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर आरोप है कि करण पात्रो ने पत्थर से हमला कर दिया, जिससे पिंकी दास के हाथ में चोट लग गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन पर तलवार से हमला करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह घर के अंदर भागकर बच गईं।

पीड़िता का आरोप है कि शोर सुनकर जब उनके देवर विक्की दास मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। शिकायत में करण पात्रो, गोधन कुरू, नित कुरू और शुभ खिलाड़ी पर मिलकर हमला करने का आरोप लगाया गया है।

घटना में घायल महिला और उनके देवर को परिजन इलाज के लिए खासमहल स्थित सदर अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार कराया गया।

पीड़िता ने परसूडीह थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।