सिंहभूम चैम्बर ने बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से व्यवसायियों के बीच बांटे 7 लाख रुपये के सिक्के

Spread the love

जमशेदपुर: बाजार में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की कमी से जूझ रहे व्यापारियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से सात लाख रुपये मूल्य के सिक्कों का वितरण किया। यह कार्यक्रम व्यवसायियों की दैनिक लेन-देन संबंधी समस्याओं को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि व्यापारियों और चैम्बर सदस्यों को छोटे सिक्कों की कमी के कारण कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को दूर करना चैम्बर की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विभिन्न बैंकों के सहयोग से अब तक लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के सिक्कों का वितरण किया जा चुका है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

चैम्बर सचिव भरत मकानी ने कहा कि व्यापारियों और बैंकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिक्का वितरण कार्यक्रम चैम्बर भवन के बजाय सीधे बैंक परिसर में आयोजित किया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में व्यापारी लाभान्वित हुए हैं।

कार्यक्रम के दौरान चैम्बर के उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, भव्य मेहता, निखिल मोदी तथा बैंक ऑफ इंडिया मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक संकेत कुमार दुबे और चेस्ट ऑफिसर पी.एस. लागुरी उपस्थित रहे।

चैम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।