नस दबने से दर्द में सोनू निगम, MRI-CT स्कैन करवा रहे सिंगर, गला भी हुआ प्रभावित

Spread the love

मुंबई :प्रसिद्ध गायक सोनू निगम ने अपनी सेहत को लेकर नया अपडेट साझा किया है। उन्होंने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से नसों से जुड़ी एक दर्दनाक समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें लगातार मेडिकल जांच और इलाज से गुजरना पड़ रहा है। इस दौरान डॉक्टरों की सलाह पर उनका MRI और CT स्कैन भी कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोनू निगम को फिजियोथेरेपी सेशन के दौरान काफी दर्द का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इलाज के दौरान ली जा रही दवाइयों का असर उनके गले पर भी पड़ रहा है, जिससे उनकी आवाज पर हल्का प्रभाव देखने को मिला है। गायक ने स्वीकार किया कि यह समय उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण है।

इसके बावजूद सोनू निगम ने यह भी साफ किया है कि वह अपने निर्धारित कार्यक्रमों को लेकर प्रतिबद्ध हैं और स्वास्थ्य समस्याओं के बीच भी मंच पर वापसी की तैयारी कर रहे हैं। उनके इस अपडेट के बाद प्रशंसकों में चिंता के साथ-साथ उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की जा रही है.