बोकारो में साइबर थाना का औचक निरीक्षण, DSP ने दिए सख्त निर्देश

Spread the love

बोकारो: दिनांक 24.05.2026 को पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), बोकारो द्वारा साइबर थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साइबर अपराध की रोकथाम एवं मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में साइबर अपराध के प्रति आमजन को जागरूक करने, दर्ज मामलों का सही एवं प्रभावी अनुसंधान करने, पीड़ितों का पैसा वापस कराने तथा मामलों में समय पर चार्जशीट दाखिल करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और अनुसंधान में आधुनिक तकनीक का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस उपाधीक्षक ने ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग करने, थाना परिसर के बेहतर रख-रखाव एवं पीड़ितों के साथ संवेदनशील और अच्छा व्यवहार बनाए रखने की भी सख्त हिदायत दी।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पीड़ितों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए—चाहे उनके पैसे की वापसी हो या अपराधियों को जेल भेजा जाए। इस दौरान थाना में पदस्थापित सभी पुलिस अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।