स्कूल जाते समय सड़क हादसे में शिक्षिका रजनीगंधा दास की मौत, शिक्षक संघ ने जताया शोक

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के साकची जेल चौक निवासी शिक्षिका रजनीगंधा दास की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। वह आदेलबेड़ा प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थीं और प्रतिदिन की तरह स्कूल जा रही थीं। दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल जाते समय हाईवे पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। दुर्घटना में उनका हेलमेट भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उनके सिर में गंभीर आंतरिक चोट आई। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

रजनीगंधा दास झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की सक्रिय सदस्य भी थीं। उनके निधन पर शिक्षक संघ ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। संघ ने कहा कि इस दुखद घड़ी में वह पूरी तरह परिवार के साथ खड़ा है और दिवंगत शिक्षिका को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है।