एमजीएम अस्पताल जलापूर्ति योजना का ट्रायल सफल, 15 अगस्त तक नियमित पेयजल आपूर्ति की उम्मीद

Spread the love

जमशेदपुर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। आम्रपाली नगर निगम की जलापूर्ति योजना के तहत डिमना स्थित अस्पताल के लिए किए गए ट्रायल रन में इंटेक वेल से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) तक पानी सफलतापूर्वक पहुंचाया गया। ट्रायल की सफलता के बाद योजना के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

यह जलापूर्ति योजना शंकोसाई श्यामनगर स्थित स्वर्णरेखा नदी के इंटेक वेल से संचालित होगी। ट्रायल के दौरान निर्धारित मार्ग से पानी कॉलेज परिसर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंच गया, लेकिन पाइपलाइन के चार स्थानों पर लीकेज पाया गया। इनमें तीन स्थान शंकोसाई नंबर-1 और एक स्थान डिमना स्थित स्मार्ट बाजार के पास है।

ट्रायल के तुरंत बाद निर्माण एजेंसी मदन लाल बजाज कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड ने सभी प्रभावित स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, अगले तीन दिनों के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद पूरे सिस्टम का दोबारा तकनीकी परीक्षण किया जाएगा।

योजना का ट्रायल 15 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध नहीं होने, कम वोल्टेज की समस्या तथा पाइपलाइन के जॉइंट और बैंड का कार्य अधूरा रहने के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था। बाद में एजेंसी ने डीजल जनरेटर (डीजी) की मदद से सफलतापूर्वक ट्रायल पूरा किया।

अधिकारियों का कहना है कि यदि शेष तकनीकी कार्य समय पर पूरे हो जाते हैं, तो 15 अगस्त तक योजना का उद्घाटन कर अस्पताल में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू की जा सकती है। इसके शुरू होने से एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद है।