जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज फोर्थ फेज परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। इस संबंध में सुरक्षा एजेंसी से जुड़े विनोद कुमार ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, घटना 21 जुलाई की देर रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच हुई। आरोप है कि डुप्लेक्स 9बी में रहने वाले लंकेश्वर नामक व्यक्ति अपने चालक के साथ कथित रूप से नशे की हालत में परिसर पहुंचे और सुरक्षा गार्डों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत में कहा गया है कि सबसे पहले सुरक्षा गार्ड राजेश शर्मा को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद अन्य गार्डों को भी एक-एक कर बुलाया गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि सुखदेव बागती का कपड़े से गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया, जबकि मनोज सिंह और रविंद्र भगत के साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की गई।
पीड़ित सुरक्षा गार्डों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

