सरला बिरला विश्वविद्यालय का ‘हरित ग्राम अभियान’ शुरू, 17 दिनों में लगाए जाएंगे 5,000 पौधे

Spread the love

रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के उन्नत भारत अभियान (UBA) प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय द्वारा अंगीकृत गांव आरा से ‘हरित ग्राम अभियान’ की शुरुआत की गई। 17 दिवसीय पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान 21 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक चलेगा।

अभियान के तहत विश्वविद्यालय के अंगीकृत गांवों—आरा, बड़ाम, सिलवई, महिलोंग और हरातू—के साथ आरा गेट से महिलोंग तक सड़क किनारे लगभग 5,000 पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा ग्रामीण समुदाय में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

अभियान का शुभारंभ विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और सतत विकास के उद्देश्य को समाज तक पहुंचाने की अपील की।

उन्नत भारत अभियान के समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभाए। वहीं अमित नाथ चरण ने कहा कि अभियान की वास्तविक सफलता केवल पौधारोपण में नहीं, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने में है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं, ग्राम प्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान तथा राज्यसभा सांसद एवं निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने सामुदायिक सहभागिता पर आधारित इस अभियान के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।