टिमकेन कर्मचारियों का वेज रिवीजन समझौता संपन्न, मासिक वेतन में ₹11,150 की बढ़ोतरी

Spread the love

जमशेदपुर: टिमकेन कंपनी के कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित वेज रिवीजन समझौते पर सोमवार को सहमति बन गई। श्रम विभाग की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता 1 मई 2026 से 30 अप्रैल 2029 तक, यानी तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। इससे कंपनी के लगभग 200 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

समझौते के तहत कर्मचारियों के मासिक वेतन में कुल 11,150 रुपये की वृद्धि की गई है। इसमें मूल वेतन (बेसिक), महंगाई भत्ता (डीए) तथा विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी शामिल है।

समझौते के अनुसार कर्मचारियों के मूल वेतन में 3,572 रुपये प्रति माह की वृद्धि होगी। वहीं, मकान किराया, परिवहन और यूनिफॉर्म भत्ते में कुल 6,977 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा भविष्य निधि (पीएफ) और ग्रेच्युटी मद में 601 रुपये प्रति माह का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

कंपनी प्रबंधन ने बताया कि मई और जून 2026 का एरियर कर्मचारियों को जुलाई माह के वेतन के साथ दिया जाएगा।

श्रम विभाग की ओर से उप श्रमायुक्त (डीएलसी) अरविंद कुमार की उपस्थिति में हुए इस समझौते पर कंपनी की ओर से निदेशक राजीव शाश्वत, प्लांट जनरल मैनेजर हिमांशु मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष आस्तिक महतो, महामंत्री विजय यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने समझौते पर सहमति जताई।

समझौते के बाद यूनियन अध्यक्ष आस्तिक महतो और महामंत्री विजय यादव ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यूनियन और प्रबंधन आपसी समन्वय के साथ कंपनी और कर्मचारियों के हित में कार्य करते रहेंगे। साथ ही, समय पर वेज रिवीजन समझौता पूरा होने पर प्रबंधन का आभार भी व्यक्त किया।