पलामू जिले के राजहारा रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के पटरी से उतरने के लगभग 18 घंटे बाद धनबाद रेल मंडल के कोल इंडिया कॉरिडोर (CIC) रेलखंड पर आंशिक रूप से ट्रेन परिचालन बहाल कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह 6 बजे डाउन लाइन और रिवर्सिबल लाइन को चालू किए जाने के बाद पलामू एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस सहित कई यात्री और मालगाड़ियों का संचालन शुरू हो गया। गुरुवार को हुई दुर्घटना के कारण अप लाइन और रिवर्सिबल लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था, जिससे कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा और कुछ को वैकल्पिक मार्गों से चलाया गया। रेलवे की तकनीकी और राहत टीमों ने लगातार मरम्मत एवं ट्रैक बहाली का कार्य किया, जिसके बाद डाउन लाइन को सफलतापूर्वक चालू किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अप लाइन को भी जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है और अगले कुछ घंटों में इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर यातायात पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।



