झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र स्थित सरवा गांव में एक 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरेडीह गांव निवासी शेख जुल्फिकार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जुल्फिकार गुरुवार शाम काम की तलाश में दूसरे राज्य जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन शुक्रवार सुबह उसका शव सरवा उप-स्वास्थ्य केंद्र के समीप एक पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर गम्हरिया-पथरगामा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रशासन लोगों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहा है।



