गिरिडीह में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, परिवहन विभाग ने 13 ट्रक किए जब्त

Spread the love

Giridih में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीटी रोड पर 13 ट्रकों को जब्त किया है। उपायुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) संतोष कुमार ने किया। जांच अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों के साथ-साथ उनकी निर्धारित भार क्षमता की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन कर अधिक भार ढोने वाले वाहनों के खिलाफ यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।

विशेष जांच अभियान के तहत बगोदर थाना क्षेत्र से 10, निमियाघाट से 2 और मधुबन थाना क्षेत्र से 1 ओवरलोड ट्रक को जब्त किया गया। जांच में कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक माल लदा पाया गया, जिसके बाद परिवहन विभाग ने उन्हें जब्त कर लिया। DTO संतोष कुमार ने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है और इससे सड़कों को भी समय से पहले नुकसान पहुंचता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रशासन की निगरानी लगातार जारी रहेगी और भविष्य में भी इस तरह के विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे। परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही माल परिवहन करने की अपील की है, ताकि सड़क सुरक्षा और सड़क अवसंरचना दोनों की रक्षा की जा सके।