नीमडीह में तालाब किनारे संदिग्ध हालत में महिला का शव बरामद, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

Spread the love

सारायकेला-खरसावां: जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के बामनी गांव में शनिवार सुबह गांव के तालाब के समीप एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीण तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक महिला के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों का कहना है कि महिला के चेहरे और मुंह के आसपास गंभीर चोट के निशान थे, जबकि घटनास्थल के आसपास खून के धब्बे भी दिखाई दिए। इससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को वहां फेंका गया है।

घटना की सूचना मिलने पर नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।