Ranchi: चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर हंटरगंज थाना क्षेत्र के भोंडल नगिंदहा पुल के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा व्यवसायी रोशन गुप्ता उर्फ मुन्ना की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, हंटरगंज बाजार निवासी रोशन गुप्ता अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान भोंडल नगिंदहा पुल के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

