एमएसएमई टूल रूम के 289 में से 249 छात्रों का प्लेसमेंट, एक माह में 100% का दावा

Spread the love

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमएसएमई (आईडीटीआर) टूल रूम एक बार फिर कौशल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। संस्थान के वर्ष 2026-27 बैच के कुल 289 डिप्लोमा धारी छात्रों में से अब तक 249 छात्रों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट हो चुका है। संस्थान प्रबंधन ने दावा किया है कि शेष बचे लगभग 30 छात्रों का भी आगामी एक महीने के भीतर प्लेसमेंट कर 100 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।

संस्थान के महाप्रबंधक रविंद्र कुमार और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर पंकज कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि डिप्लोमा इन टूल एंड डाय मेकिंग के 145 में से 127, टूल मेकिंग (मैकेनिकल) के 74 में से 64 और मेकाट्रॉनिक्स के 70 में से 58 छात्रों को रोजगार मिल चुका है। इन छात्रों का चयन Maruti Suzuki, Tata Advanced Systems, Bosch, CEAT, Tata Cummins और Tata Motors जैसी नामी कंपनियों में हुआ है।

प्रबंधन ने बताया कि संस्थान में 4 महीने के शॉर्ट टर्म कोर्स से लेकर 6 माह, 2 वर्ष और 4 वर्ष के रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों के लिए ये कोर्स निःशुल्क हैं, जबकि अन्य वर्गों के लिए सरकारी सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। आने वाले समय में आधुनिक तकनीकों से जुड़े नए कोर्स जोड़कर युवाओं को और अधिक रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।