तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, चालक फरार

Spread the love

लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंगाई पंचायत के केनाटोली गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक कुंदन तिग्गा की मौत हो गई। वह स्कूटी से महुआडांड़ की ओर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।