सरायकेला-खरसावां में अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, नगर निकायों के प्रतिनिधि, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।


बैठक के दौरान जिले में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से जुड़े कुल 62 मामलों की समीक्षा की गई। इनमें सड़क दुर्घटना के 12, अतिवृष्टि के 45, घर गिरने से एक मौत, डूबने से दो मौतें, सर्पदंश से एक और आंधी-तूफान में पेड़ गिरने से एक मौत का मामला शामिल था। विस्तृत चर्चा के बाद समिति ने 60 मामलों में अनुग्रह अनुदान राशि स्वीकृत करने का निर्णय लिया, जबकि दो मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई, जिन्हें पूरा कर पुनः प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
अपर उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को नियमानुसार अनुग्रह राशि समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने और अधिकतम एक माह के अंदर पीड़ित परिवारों तक सहायता पहुंचाने पर जोर दिया गया।

