चाकुलिया में हाथी के हमले में 60 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की मांग की

Spread the love

चाकुलिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड स्थित जमुआ पंचायत के इंदबनी गांव के समीप हाथी के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। सुबह टहलने निकले 60 वर्षीय काबुल मुंडा का अचानक एक जंगली हाथी से सामना हो गया, जिसके बाद हाथी ने उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग की मदद से घायल काबुल मुंडा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से तीन हाथियों का झुंड इंदबनी जंगल क्षेत्र में डेरा डाले हुए है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार मौजूदगी से जान-माल का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर खदेड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है।