रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले मतदाताओं की मैपिंग की प्रक्रिया जारी है। इस प्रक्रिया में रांची जिला राज्य के अन्य जिलों की तुलना में पीछे चल रहा है। जिले में अब तक केवल 65.84 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो सकी है, जबकि करीब 34 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन अभी बाकी है। राज्यभर में अब तक 78.60 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि मतदाता मैपिंग की प्रक्रिया 15 जून तक जारी रहेगी। इसके बाद गणना प्रपत्रों की छपाई और प्रशिक्षण का कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 23 मई को सभी मतदान केंद्रों और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर बिना मैपिंग वाले मतदाताओं की सूची खोज योग्य प्रारूप में जारी की गई थी। इसके बाद मैपिंग प्रक्रिया में तेजी आई है। वर्तमान में राज्य में 2,08,06,211 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, अनमैप्ड सूची जारी होने के बाद से अब तक 14,03,354 मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है।
रांची जिले के विधानसभा क्षेत्रों में भी मैपिंग की स्थिति संतोषजनक नहीं है। हटिया विधानसभा क्षेत्र में केवल 50.82 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग हुई है, जबकि लगभग 49 प्रतिशत मतदाता अभी भी अनमैप्ड हैं। इसके अलावा रांची विधानसभा क्षेत्र में 51.37 प्रतिशत, कांके में 63.09 प्रतिशत, खिजरी में 69.97 प्रतिशत, तमाड़ में 81.13 प्रतिशत, सिल्ली में 81.87 प्रतिशत और मांडर में 82.98 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हुई है।
रांची के अलावा हजारीबाग, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में भी 30 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग लंबित है। जिला स्तर पर साहिबगंज में 84.16 प्रतिशत, पाकुड़ में 89.15 प्रतिशत, दुमका में 86.61 प्रतिशत, जामताड़ा में 86.72 प्रतिशत, देवघर में 82.76 प्रतिशत, गोड्डा में 88.36 प्रतिशत, कोडरमा में 85.36 प्रतिशत, हजारीबाग में 69.23 प्रतिशत, रामगढ़ में 74.16 प्रतिशत, चतरा में 85.56 प्रतिशत, गिरिडीह में 83.75 प्रतिशत, बोकारो में 72.59 प्रतिशत, धनबाद में 69.03 प्रतिशत, पूर्वी सिंहभूम में 69.35 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 80 प्रतिशत, पश्चिमी सिंहभूम में 83.10 प्रतिशत, खूंटी में 79.57 प्रतिशत, गुमला में 85.54 प्रतिशत, सिमडेगा में 85.41 प्रतिशत और लोहरदगा में 89.34 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने बीएलओ (BLO) से संपर्क कर मैपिंग प्रक्रिया पूरी कराएं। मतदाता ई-सेनेट ऐप के “Connect with Election Officer” विकल्प के माध्यम से अपने बीएलओ का मोबाइल नंबर प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध अनमैप्ड सूची में भी अपना नाम और संबंधित बीएलओ की जानकारी देखी जा सकती है।

