कर्मचारी राज्य बीमा निगम की क्षेत्रीय कार्यालय की एक शाखा जमशेदपुर में खोलने की मांग की

Spread the love

जमशेदपुर (संवाददाता ):-सांसद विद्युत वरण महतो ने आज केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं केंद्रीय श्रम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली से मुलाकात कर कर्मचारी राज्य बीमा निगम की क्षेत्रीय कार्यालय की एक शाखा जमशेदपुर में खोलने की मांग की। सांसद श्री महतो ने एक ज्ञापन से उक्त दोनों मंत्रियों को अवगत कराया कि जमशेदपुर एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में कर्मचारी राज्य बीमा निगम में व्याप्त कामगारों की संख्या लगभग तीन लाख से ऊपर है और लगभग 14000 इकाइयों के साथ कई बड़े नियोजक पंजीकृत हैं।इन तीन जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम एवं सरायकेला- खरसावां के कर्मचारियों एवं नियोजकों के लिए एक अस्पताल आदित्यपुर, चार औषधालय, दो शाखा कार्यालय एवं एक औषधालय सह शाखा कार्यालय है।इन तीनों जिलों के में स्थित मजदूरों एवं नियोजकों को हितलाभ एवं अन्य कार्यों के लिए क्षेत्रीय कार्यालय रांची जिसकी दूरी लगभग 150 किलोमीटर से 200 किलोमीटर है बराबर जाना पड़ता है। इन मजदूरों की स्थिति ऐसी नहीं है जो अपने काम से छुट्टी लेकर और आने-जाने का खर्च वहन कर सके साथ ही नियोजकों को भी क्षेत्रीय कार्यालय रांची जाना पड़ता है।जिनके कारण उन्हें भी व्यवसाय करने में समस्या होती है।सांसद श्री महतो ने मंत्री द्वय से मुलाकात कर कहा कि जमशेदपुर में उप क्षेत्रीय कार्यालय खोलने का आदेश दें ताकि उन तीनों जिलों के कर्मचारी एवं नियोजक को क्षेत्रीय कार्यालय रांची नहीं जाना पड़े एवं योजना का विस्तार संपूर्ण जिले में कराया जा सके। जिससे अधिक संख्या में लोग इस केंद्रीय योजना का लाभ उठा सकें।इस संबंध में केंद्रीय श्रम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने सांसद श्री महतो को आश्वस्त किया कि वे इस दिशा में अवश्य कार्य करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपने सचिव सुनील बर्थवाल को निर्देश दिए।सांसद श्री महतो ने सुनील बर्थवाल से भी मुलाकात की एवं उनसे भी इस संबंध में आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय सचिव सुनील बर्थवाल ने सांसद श्री महतो को स्मरण कराया कि वे स्वयं जमशेदपुर में अनुमंडल पदाधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं इसलिए जमशेदपुर की समस्याओं के संबंध में निजी रुचि लेकर का समाधान करने का सार्थक प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *