उपायुक्त ने कस्तूरबा विद्यालय चांडिल एवं गम्हरिया का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं को दी करियर की प्रेरणा

Spread the love

सरायकेला-खरसावां:- उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को चांडिल एवं गम्हरिया प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों की गहराई से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में संचालित ICT लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट कक्षाओं और पुस्तकालय का स्थल भ्रमण कर सुविधाओं की वस्तुस्थिति का अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सीधे छात्राओं के बीच पहुंचे और उनसे गणित, विज्ञान एवं मानविकी विषयों पर संवाद करते हुए संक्षिप्त शिक्षण सत्र भी लिया। उन्होंने छात्राओं की विषय समझ, जिज्ञासा और ग्रहण क्षमता का मूल्यांकन करते हुए कठिन विषयों को आसान तरीके से सीखने के व्यावहारिक सुझाव दिए। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा के व्यावसायिक उपयोग, करियर विकल्पों और आत्मविश्वास को लेकर भी मार्गदर्शन किया।

ICT प्रयोगशाला में उपायुक्त ने संबंधित शिक्षक से पाठ्यक्रम की विस्तार से जानकारी ली और निर्देशित किया कि कंप्यूटर शिक्षा का संचालन गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ हो। पुस्तकालय का अवलोकन करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि वहां ज्ञानवर्धक, प्रतियोगी और करियर-उन्मुख पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और विषयवार किताबों की सूची तैयार कर पुस्तकालय को समृद्ध किया जाए।

निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने शिक्षा की गुणवत्ता, छात्राओं के सर्वांगीण विकास और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए कक्षाओं में स्वच्छता सामग्री की उपलब्धता और नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने को कहा। साथ ही छात्राओं के मानसिक और शारीरिक विकास हेतु खेलकूद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी बल दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, विद्यालय प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *