लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मातृ एवं शिशु कुपोषण से निपटने के लिए सरकार ने टेक होम राशन (THR) योजना को और मजबूत किया है। इस योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और छोटे बच्चों को घर ले जाने योग्य पौष्टिक राशन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य पोषण की कमी को दूर करना और बच्चों व महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार करना है।


राज्य सरकार ने इस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए उत्पादन और वितरण प्रणाली को भी तकनीक से जोड़ा है। अब राशन आपूर्ति की निगरानी GPS ट्रैकिंग, QR कोड और OTP आधारित सत्यापन से की जा रही है, जिससे हर लाभार्थी तक समय पर पोषण सामग्री पहुंच सके। इसके साथ ही इस मॉडल में स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की भूमिका बढ़ाई गई है, जो स्थानीय स्तर पर THR का निर्माण और आपूर्ति कर रहे हैं।
योजना के तहत महिलाओं और बच्चों के लिए अलग-अलग पोषण उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें शिशु अमृत, शिशु आहार, बाल पुष्टिकार और सम्पूर्ण मातृ आहार जैसे उत्पाद शामिल हैं। इसके अलावा बाल संजीवनी और आरोग्य पोषण जैसे ऊर्जा युक्त फूड प्रोडक्ट भी दिए जा रहे हैं, ताकि कुपोषण को कम किया जा सके और स्वास्थ्य स्तर में सुधार हो सके।

