झारखंड हाईकोर्ट ने सोमवार को बोकारो जिले से वर्ष 2020 में लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी की तलाश से जुड़े मामले की सुनवाई की। अदालत के निर्देश पर सीआईडी के एडीजी स्वयं कोर्ट में उपस्थित हुए और जांच की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।


सुनवाई के दौरान सीआईडी की ओर से बताया गया कि मामले की जांच अभी जारी है और इसे पूरा करने के लिए कुछ और समय की आवश्यकता है। इसके बाद हाईकोर्ट ने जांच के लिए समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई की तिथि 29 जून निर्धारित की।
यह मामला वर्ष 2020 का है। बोकारो जिले की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी 16 अक्टूबर 2020 को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पिंड्राजोड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया था।
प्रारंभिक पुलिस जांच में इस मामले को अपहरण से जोड़कर देखा गया था। जांच के दौरान किशोरी की साइकिल, चप्पल और किताबें बरामद हुई थीं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई थी।
लंबा समय बीत जाने के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर हाईकोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए जांच की निगरानी शुरू की थी। सोमवार को हुई सुनवाई में अदालत ने सीआईडी से जांच की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली।
मामले में याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विन्सेंट रोहित मिंज ने पक्ष रखा। अब इस मामले की जांच की प्रगति पर अगली सुनवाई 29 जून को होगी।

