पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को मिल रही मुफ्त जांच और विशेष स्वास्थ्य सेवाएं

Spread the love

रांची: गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराने और प्रसव से जुड़ी जटिलताओं को कम करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत विशेष स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक महीने की 9 तारीखको सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की जाती है।

अभियान के तहत अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित शिविरों में महिलाओं को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इनमें ब्लड प्रेशर की जांच, वजन मापना, पेट की जांच, रक्त एवं मूत्र परीक्षण, अल्ट्रासाउंड तथा गर्भस्थ शिशु की धड़कन की जांच शामिल है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करना है। जांच के दौरान हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान होने पर संबंधित महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा जाता है और आवश्यकता पड़ने पर बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाता है।

इस पहल को मजबूत बनाने के लिए निजी क्षेत्र के चिकित्सकों का भी सहयोग लिया जा रहा है। “आई प्लेज फॉर 9” कार्यक्रम के तहत निजी स्त्री रोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट हर महीने की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क परामर्श और सेवाएं प्रदान करते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित जांच से मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर निगरानी संभव होती है तथा समय पर उपचार मिलने से सुरक्षित प्रसव की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।