झारखंड कैडर के IPS अधिकारियों को GAIL में सुरक्षा सलाहकार बनने का मौका, गृह मंत्रालय ने मांगे आवेदन

Spread the love

रांची: झारखंड कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों को सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी गेल (GAIL) में सुरक्षा सलाहकार के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड सरकार को पत्र भेजकर पात्र और इच्छुक अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

गृह मंत्रालय के पत्र के अनुसार, इस पद के लिए केवल डीआईजी (DIG) रैंक के अधिकारी आवेदन कर सकेंगे। इच्छुक अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक माह के भीतर अपना आवेदन भेजना होगा।

गेल में सुरक्षा सलाहकार का पद ई-8 ग्रेड (सीजीएम स्तर) का होगा। यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए की जाएगी। इस पद के लिए निर्धारित वेतनमान 1.20 लाख रुपये से 2.80 लाख रुपये प्रतिमाह तक है।

हालांकि, नियमों के अनुसार यदि कोई सरकारी अधिकारी प्रतिनियुक्ति (Deputation) पर किसी सार्वजनिक उपक्रम (PSU) में जाता है, तो उसे वेतन और अन्य सुविधाएं उसके मूल विभाग के नियमों के तहत ही मिलेंगी। ऐसे अधिकारी गेल के वेतनमान का विकल्प नहीं चुन सकेंगे।

देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनियों में शामिल गेल अपने सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने के लिए अनुभवी पुलिस अधिकारियों की सेवाएं लेने की प्रक्रिया में है। इस पहल से अनुभवी आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करने का अवसर मिलेगा।