मोतिहारी : पूर्वी चंपारण के एक युवा उद्यमी अतीउल्लाह शेख ने अपने गांव में बैग निर्माण इकाई स्थापित कर रोजगार का नया मॉडल पेश किया है। सीमित संसाधनों से शुरू हुई इस पहल ने आज बड़ा रूप ले लिया है और फैक्ट्री में करीब 150 लोगों को रोजगार मिल रहा है। उनके द्वारा तैयार किए जा रहे बैग की मांग बिहार के अलावा अन्य राज्यों तक पहुंच चुकी है।


कोरोना काल के बाद रोजगार की चुनौतियों के बीच उन्होंने स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित करने का निर्णय लिया। लगातार मेहनत और गुणवत्ता पर ध्यान देने की बदौलत उनका कारोबार तेजी से बढ़ा। फैक्ट्री में स्थानीय युवाओं और महिलाओं को भी काम मिल रहा है, जिससे कई परिवारों की आजीविका मजबूत हुई है।
उद्यमी की इस सफलता को क्षेत्र में रोजगार सृजन के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। उद्योग से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

