सरायकेला जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायकेला थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल की सहायता से 7 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन का आवश्यक सत्यापन किया गया, जिसके बाद सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस कर दिए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों ने सरायकेला पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।


थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल को ट्रैक कर जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।
सरायकेला पुलिस की इस पहल से आम लोगों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हुआ है। आधुनिक तकनीक और सक्रिय पुलिसिंग के माध्यम से लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

