चतरा में 1.38 किलो अवैध अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक और मोबाइल भी किया जब्त

Spread the love

चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 1.38 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले में आगे की जांच और छापेमारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के बेलगच्छ स्थित चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति अवैध अफीम की खरीद-बिक्री करने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागारगोजे शुभम भाऊसाहेब, गिद्धौर अंचल पदाधिकारी अनंत शयनम विश्वकर्मा तथा पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान बेलगच्छ के समीप चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग से एक युवक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध अफीम बरामद की गई। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उदय डांगी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय कुंजल महतो के पुत्र तथा चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कसियाडीह, टिकर गांव का निवासी है।

पुलिस ने आरोपी के पास से 1.380 किलोग्राम अर्ध-ठोस अवैध अफीम (प्लास्टिक सहित वजन), एक ओप्पो मोबाइल फोन और एक HF डीलक्स मोटरसाइकिल (JH13H-5234) बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच के दौरान इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागारगोजे शुभम भाऊसाहेब, अंचल पदाधिकारी अनंत शयनम विश्वकर्मा, पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।