गिरिडीह में शादी समारोह के दौरान बालकनी गिरने से बड़ा हादसा, करीब 40 लोग घायल

Spread the love

गिरिडीह: जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत महराईडीह गांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। समधी मिलन की रस्म शुरू होने से ठीक पहले घर की बालकनी अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे बारातियों और घरातियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में करीब 40 लोग घायल हो गए, जबकि छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महराईडीह निवासी शमशेर आलम की पुत्री का विवाह समारोह आयोजित किया गया था। बारात देवरी प्रखंड के ढोटो गांव से आई थी। शादी की रस्में चल रही थीं और समधी मिलन की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान घर की बालकनी अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में बड़ी संख्या में लोग आ गए।

बालकनी गिरते ही शादी समारोह का माहौल चीख-पुकार और भगदड़ में बदल गया। मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को गिरिडीह, धनबाद और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का स्थानीय अस्पतालों में उपचार जारी है। हादसे के बाद परिजनों में चिंता और शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और देवरी अनुमंडल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बालकनी गिरने के पीछे निर्माण संबंधी खामी या अन्य कोई कारण जिम्मेदार था।

शादी की खुशियां मातम और चिंता में बदल देने वाली इस घटना से पूरे इलाके में स्तब्धता का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को लेकर दुख व्यक्त कर रहे हैं और प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।