सरायकेला में अवैध बालू लदा ट्रेलर जब्त, अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

सरायकेला: जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर देर रात कपाली ओपी क्षेत्र के पुड़ीसिली चौक में वाहन जांच अभियान के दौरान अवैध बालू से लदे एक ट्रेलर को जब्त किया गया।

खनन विभाग और कपाली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान बालू लदे ट्रेलर संख्या JH01FQ5184 को रोककर उसकी जांच की गई। जांच के दौरान चालक से बालू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और परिवहन अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं करा सका।

दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। फिलहाल जब्त किए गए ट्रेलर को सुरक्षा की दृष्टि से कपाली ओपी परिसर में रखा गया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मामले में सक्षम प्राधिकारी के स्तर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन वाहन के स्वामित्व, बालू के स्रोत तथा परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सरकारी राजस्व की सुरक्षा तथा अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पूरे जिले में नियमित जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन, अवैध परिवहन या खनिजों का अवैध भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।