जामताड़ा में जेएमएम का जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन, संगठन मजबूती और मतदाता सूची पर दिया गया जोर

Spread the love

जामताड़ा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की ओर से गुरुवार को दुलाडीह नगर भवन में जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

सम्मेलन में जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, रविंद्र नाथ दुबे, प्रो. कैलाश प्रसाद, इम्तियाज अंसारी, जिला सचिव परेश यादव, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

अपने संबोधन में विनोद पांडेय ने BLO-2 प्रशिक्षण और बूथ समितियों के प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहकर जमीनी स्तर पर संगठन की रणनीति को लागू करने की जिम्मेदारी दी गई है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए विनोद पांडेय ने इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत का दावा किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर भाजपा ने राज्य का राजनीतिक माहौल खराब किया है। साथ ही सवाल उठाया कि क्या भाजपा की स्थिति इतनी कमजोर हो गई है कि वह अपना उम्मीदवार तक नहीं उतार सकी। सम्मेलन के अंत में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।