आंध्र प्रदेश पुलिस की रांची के मांडर में छापेमारी, जांच के लिए दस्तावेज जब्त

Spread the love

रांची के मांडर इलाके में आंध्र प्रदेश पुलिस ने देर रात छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों को अपने साथ जांच के लिए ले गई है। बताया जा रहा है कि मांडर के कुछ लोग इलाज के लिए आंध्र प्रदेश गए थे और वहां होटल में ठहरने के दौरान उन्होंने पहचान पत्र जमा किए थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पहचान पत्रों का उपयोग कथित आपराधिक गतिविधियों में किया गया है। मामले की जांच के सिलसिले में आंध्र प्रदेश पुलिस मांडर पहुंची और संबंधित लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में स्थानीय लोगों ने बताया कि वे केवल इलाज के लिए वहां गए थे और होटल में ठहरने के लिए आवश्यक प्रक्रिया के तहत पहचान पत्र जमा किया गया था। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली ने बताया कि आंध्र प्रदेश पुलिस एक मामले की जांच के सिलसिले में यहां आई थी और कुछ दस्तावेज जांच के लिए साथ ले गई है। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थानीय पुलिस भी पूरे मामले की जांच कर रही है।