रांची में एक बार फिर साइबर अपराधियों ने झारखंड के पूर्व डीजीपी नीरज सिन्हा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजनी शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जा सकती है।


जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधियों ने फर्जी प्रोफाइल में डीजीपी कार्यकाल के दौरान की तस्वीर का उपयोग किया है, जिससे लोग आसानी से भ्रमित हो सकते हैं। इस मामले में पूर्व डीजीपी ने स्वयं लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि इस संदिग्ध आईडी से आने वाली किसी भी फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें।
यह पहली बार नहीं है जब उनके नाम का दुरुपयोग किया गया है। इससे पहले भी उनके नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी की कोशिश की गई थी, जिस पर धुर्वा थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी और पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पूर्व डीजीपी ने इस नई घटना की जानकारी जिला पुलिस और सीआईडी की साइबर पुलिस को भी दी है और संबंधित एजेंसियों से फर्जी आईडी संचालित करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
पुलिस के अनुसार, हाल के समय में सोशल मीडिया के जरिए साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मोबाइल हैकिंग, बैंक खातों से पैसे निकालने, फर्जी प्रोफाइल बनाकर पैसे मांगने और ऑनलाइन ठगी जैसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान या संदिग्ध प्रोफाइल की पुष्टि किए बिना फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी साइबर थाना या स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते साइबर अपराध पर रोक लगाई जा सके।

