खान सर-रोशन आनंद विवाद पर सरकार सख्त, शिक्षा मंत्री की चेतावनी से मचा हड़कंप

Spread the love

पटना : खान सर और रोशन आनंद से जुड़े कोचिंग विवाद के बाद बिहार सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है।

मंत्री ने कहा कि हाल में सामने आए घटनाक्रम के बाद राज्य सरकार कोचिंग संस्थानों के लिए नई गाइडलाइन और नियामक व्यवस्था तैयार कर रही है। प्रस्तावित नियमों के तहत कोचिंग संस्थानों के संचालन, प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर स्पष्ट प्रावधान किए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह के विवादों की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि जो भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सरकार शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को प्रतिबद्ध है। इस मामले को लेकर बिहार के शिक्षा जगत और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।