चाईबासा: टाटा-चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित ऐता चौक के पास शुक्रवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में दो स्कूली छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऐता गांव निवासी 7 वर्षीय अनुष्का पान और 8 वर्षीय लवली तांती सुबह स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। दोनों छात्राएं स्कूल बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद छात्राओं को कार ने मारी टक्कर
हादसे के बाद ट्रेलर की टक्कर से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी दोनों छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों बच्चियां घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों छात्राओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि अनुष्का पान के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुररेफर कर दिया गया है। वहीं, लवली तांती को मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ऐता चौक के आसपास यातायात सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

